चित्तौड़गढ़ संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस ने उदयलाल आंजना को अपना प्रत्याशी बनाया। इसके बाद कांग्रेस खेमे में खुशियां मनाई जा रही है।
कांग्रेस की ओर से मंगलवार रात को लोकसभा उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी गई। इस लिस्ट में चित्तौड़गढ़ संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस ने उदयलाल आंजना को अपना प्रत्याशी बनाया। इसके बाद कांग्रेस खेमे में खुशियां मनाई जा रही है। बुधवार दोपहर को शहर और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से आतिशबाजी की गई। साथ ही मिठाइयां बांटते हुए उदयलाल आंजना के लिए नारे लगाएं।
मिठाइयां बांटकर दी एक-दूसरे को बधाइयां
कांग्रेस प्रत्याशी उदयलाल आंजना के नाम की घोषणा होते ही चारों तरह चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष और चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी को अब पूर्व सांसद उदयलाल आंजना टक्कर देंगे। वहीं, कांग्रेस खेमे में भी उत्साह देखा जा रहा है। बुधवार दोपहर शहर और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे।
यहां सभी ने उत्साह दिखाते हुए कलेक्ट्रेट के बाहर आतिशबाजी की। सभी ने एक दूसरे को मिठाइयां खिलाते हुए एक दूसरे को बधाई दी। साथ ही उदयलाल आंजना के लिए जोरदार नारे लगाएं। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष भैरूलाल जाट, डेयरी चेयरमैन बद्रीलाल जाट, कांग्रेस विधानसभा प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह जाड़ावत, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रमेश नाथ योगी, दुर्ग पार्षद अशोक वैष्णव सहित कई कांग्रेसी शामिल थे।
साल 1998 के इतिहास को दोहराया जाएगा
सभी पदाधिकारियों ने कांग्रेस आलाकमान के फैसले पर भरोसा जताते हुए कहा कि निश्चित तौर पर हम सब इस फैसले से खुश है। उदयलाल आंजना लोकल और पिछले कई सालों से राजनीति में सक्रिय है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष भैरूलाल चौधरी ने कहा कि साल 1998 में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जो उत्साह था वो ही उत्साह फिर से देखा जा रहा है। उस समय भी उदयलाल आंजना ने राष्ट्रीय नेता जसवंत सिंह को हराया था, वो ही इतिहास एक बार फिर दोहराया जाएगा। चित्तौड़गढ़ संसदीय क्षेत्र में एक बार फिर कांग्रेस का परचम लहराएगा। आज पूरे दिन शहर के अलावा कस्बे कस्बे में उत्साह मनाया जाएगा। पिछली बार बाहरी प्रत्याशी के आने से हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन इस बार आंजना को मैदान में उतारा गया। लोकल में अच्छी पकड़ है और किसान वर्ग के काफी करीब है। हम सब विधानसभा की हार को भुलाकर आगे पूरी तरह से मेहनत करेंगे।