मध्यपप्रदेश के रतलाम शहर में महिला के गले से उसके सुहाग की निशानी मंगलसूत्र झपटने की घटना सामने आई है। महिला के पति ने जाबांजी दिखाते हुए एक आरोपी को मौके से ही पकड लिया और दूसरे को पुलिस ने सीसीटीवी कैमरें की मदद से पकडा है।
रतलाम के गंगासागर कॉलोनी में यह वारदात सोनाली पति रितेश शर्मा निवासी एमआईजी 40 गंगासागर कॉलोनी के साथ हुई। महिला रात करीब 8.45 बजे अपने पति के साथ कॉलोनी में पैदल टहल रही थी। शिवजी के मंदिर के सामने टर्न पर पीछे से एक बाइक पर दो युवक आए। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने महिला के गले में पहने सोने के मंगलसूत्र पर झपटा मारा। झटके से मंगलसूत्र टूट गया और महिला के कपड़ों पर गिर पड़ा।
महिला के पति थोड़ी दूरी पर आगे चल रहे थे। जैसे ही महिला ने शोर मचाया, पति तुरंत पीछे दौड़े और बाइक सवारों को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान एक बदमाश को मौके पर ही पकड़ लिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने आरोपी शिवम उर्फ शिवनारायण (28) पिता तुलसीराम मीणा निवासी बरबड़ और सिकु उर्फ चिकु पिता लक्ष्मण मीणा निवासी ग्राम रुणिया थाना घंटाली जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान), हाल मुकाम बरबड़ रतलाम को गिरफ्तार किया है। दोनों आपस में रिश्तेदार हैं और मिलकर वारदात को अंजाम दे रहे थे।