श्री हनुमान जन्मोत्सव: कर्नाटक के राज्यपाल सहित जनप्रतिनिधियों ने की पूजा—अर्चना
  • Reporter : dashpur live desk
  • Updated on: April 12, 2025, 2:08 pm

नीमच। नीमच के चमत्कारी संकट मोचन हर्कियाखाल बालाजी मंदिर में शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गेहलोत ने मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने यज्ञ में आहुतियां दीं और आरती में भी भाग लिया। सुबह से ही मंदिर परिसर बैंडबाजे, ढोल, शंख, घड़ियाल, शहनाई और नगाड़ों की धुन से गुंजायमान रहा। कार्यक्रम में मंदसौर-नीमच सांसद सुधीर गुप्ता, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, गरोठ विधायक चंदर सिंह सिसोदिया और सुवासरा-सीतामऊ विधायक हरदीप सिंह डंग मौजूद रहे।
मंदिर समिति ने सभी अतिथियों का शाल, श्रीफल और पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। नीमच के बालाजी धाम पर 79वां जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। सुबह 9 बजे मनोकामना सिद्धि महायज्ञ हुआ। 11 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन शुरू किया गया।
मंदिर को आकर्षक विद्युत फूलों, झांकियों और स्वागत द्वार से सजाया गया है। दोपहर में महिला मंडल द्वारा भजन-कीर्तन और सुंदरकांड का पाठ किया गया। संध्या आरती के बाद रात 8 बजे जन्मोत्सव जलवा उत्सव और रात 9 बजे जन्म जागरण का कार्यक्रम रखा गया है। यहां हर वर्ष हनुमान जन्मोत्सव के सवा महीने बाद सनातन परंपरा के अनुसार जलवा महोत्सव मनाया जाता है।

इधर जावद में धूमधाम से निकली शोभायात्रा—
जावद में हनुमान जयंति के मौके पर पुलिस प्रशासन के खास इंतजाम के बीच धूमधाम से शोभायात्रा निकली। जावद नगर संवेदनशील की श्रेणी में आता है। करीब दस साल पहले हनुमान जयंति के मौके पर निकल रहे जुलूस में पत्थराव की घटना हुई थी, इसके बाद से ही पुलिस प्रशासन ने हनुमान जयंति के मौके पर होने वाले कार्यक्रम में पुलिस सुरक्षा बढा दी है।

 

सम्बंधित ख़बरें
दशपुर लाइव ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें
Copyright © 2022-23 . Dashpurlive All rights reserved