तीर्थ पर यात्रा करने की बोलकर मुंहबोली मौसी ने कर दिया युवती सौदा, बिहार की युवती को मध्यप्रदेश के नीमच जिले में बनाया बंधक, जबरन शादी करवा रहे थे, भागकर थाने पहुंची युवती
  • Reporter : dashpur live desk
  • Updated on: January 15, 2026, 7:17 pm


नीमच। मध्यप्रदेश के नीमच जिले के सरवानिया महाराज में बिहार की रहने वाली एक युवती की जबरन शादी करवाने का मामला सामने आया है। बिहार से उसे मुंह बोली मौसी तीर्थ यात्रा करवाने की बोलकर लेकर आई और नीमच जिले के सरवानिया महाराज में बेच दिया। युवती को बीते दस दिनों से बंधक बनाकर एक कमरे में रख रखा था, जैसे—तैसे वह अपनी जान बचाकर भागी और सरवानिया महाराज चौकी पर पहुंचकर आपबीती बताई तो पुलिस भी हैरत में पड़ गई। पुलिस ने एक आरोपी को इस संबंध में गिरफ्तार किया है। युवती को एक लाख में बेचने की बात सामने आई है।


बुधवार रात 10 बजे बिहार की रहने वाली एक 23 वर्षीय युवती घबराई हुई नीमच जिले की सरवानिया चौकी पर पहुंची। बीते 10 दिन बंधक बनाकर बेल्ट से पीटा जा रहा था मौका पाकर वह वहां से भागी और ग्रामीणों को आपबीती बताई। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले किया गया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके ही रिश्तेदारों ने शादी के बहाने उसे बेच दिया था। पहले उसे राजस्थान के कोटा ले जाया गया, फिर जबरन नीमच जिले के सरवानिया क्षेत्र में लाकर बंद कर दिया गया। युवती का आरोप है कि जबरन शादी के लिए दबाव बनाया गया और विरोध करने पर बेल्ट से मारपीट की गई। बुधवार को भागकर पहुंची युवती को सरवानिया महाराज चौकी के जरिए महिला थाना नीमच भेजा गया है। पुलिस काउंसलर की मदद से पूछताछ कर रही है।
युवती के मुताबिक मुझे जबरदस्ती शादी के लिए तैयार किया जा रहा था। माला पहनाने और शादी की बात तय करने के बाद मुझे फिर से कमरे में बंद कर दिया गया। मुझे बाहर निकलने की अनुमति नहीं थी। विरोध करने पर बेल्ट से मारपीट की जाती थी। मारपीट करने वालों में विजय नामक व्यक्ति, उसकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य शामिल थे।
काउंसलर कर रहे पूछताछ—
पुलिस अब काउंसलर के माध्यम ये युवती से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि उसे कहां से और किसके माध्यम से यहां लाया गया था। पुलिस इस मानव तस्करी के मामले में शामिल सभी लोगों की पहचान करने में जुटी है।

पहले पकड़ा जा चुका आरोपी—
ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार देर शाम वे बाबा रामदेव मंदिर पर बैठक कर रहे थे। इसी दौरान एक युवती घबराई हुई हालत में वहां पहुंची और बोली कि उसे बस में बैठा दिया जाए। युवती की हालत देखकर ग्रामीणों को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने तुरंत ग्राम अध्यक्ष रूपेश जैन को सूचना दी। युवती को पहले सरवानिया महाराज चौकी ले जाया गया, जहां से उसे महिला थाने भेजा गया। आरोपी विजय पिता श्रीपाल पहले भी क्षेत्र में लोगों की शादी करवाने का काम करता था और उसके खिलाफ पूर्व में भी रतनगढ़ थाने में शिकायत दर्ज की गई थी।

मां बोलीं- तीर्थ यात्रा के बहाने ले गए—
पुलिस ने मामले में युवती के परिजनों से बातचीत की है। युवती की मां ने फोन पर पुलिस को बताया कि पड़ोस में रहने वाली एक महिला, जिसे युवती मुंहबोली मौसी कहती थी, तीर्थ यात्रा पर साथ ले जाने की बात कहकर उसे अपने साथ ले गई थी। पुलिस ने आगे की कार्रवाई के लिए युवती के परिजनों को थाने बुलवाया है।

मानव तस्करी के मामले में पुलिस जांच कर रही है— नीमच पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने बताया कि यह मामला सामने आया है। पुलिस मानव तस्करी के मामले में जांच कर रही है। आरोपी को बेचने वाले और जबरन शादी करने वालों पर केस दर्ज कर लिया है। कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

सम्बंधित ख़बरें
दशपुर लाइव ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें
Copyright © 2022-23 . Dashpurlive All rights reserved