घर से भागकर प्रेम विवाह करने वाली नवविवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
  • Reporter : dashpur live desk
  • Updated on: February 3, 2026, 5:24 pm

मध्यप्रदेश के इंदौर के विजयनगर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक 20 वर्षीय नवविवाहिता नेअपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय पति घर के बाहर था। जब वह लौटा तो पत्नी को फंदे पर लटका देख तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान मोनिका चौहान के रूप में हुई है, जो विजयनगर के कल्प कामधेनू नगर में पति रितेश पटेल के साथ रहती थी। मोनिका घर पर सिलाई का काम करती थी, जबकि पति रितेश रेपिडो बाइक चलाता है। मोनिका और रितेश ने अप्रैल 2025 में घर से भागकर प्रेम विवाह किया था। दोनों पहले एक ही स्कूल में पढ़ते थे। मोनिका के माता-पिता खजराना इलाके में रहते हैं।

मृतका के पिता हीरालाल चौहान ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2025 में उन्होंने खजराना थाने में बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी और कई बार पुलिस से बेटी को ढूंढने की गुहार लगाई, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। कुछ समय बाद उन्हें पता चला कि बेटी विजयनगर में रह रही है। उन्होंने जांच अधिकारी गणेश मुजाल्दे से बेटी को परिवार से मिलवाने की मांग की, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई।

पिता का आरोप है कि मोनिका ससुराल में परेशान थी, जिसकी जानकारी उन्हें उनकी भतीजी से मिलती रही। सोमवार को भी बेटी की मौत की सूचना भतीजी ने ही दी। जब वे एमवाय अस्पताल पहुंचे तो मोनिका के शव को मर्चुरी में रखवाया जा चुका था।

पुलिस जांच में जुटी

विजयनगर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और परिजनों के आरोपों को भी जांच में शामिल किया जाएगा।

सम्बंधित ख़बरें
दशपुर लाइव ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें
Copyright © 2022-23 . Dashpurlive All rights reserved