नीमच। मध्यप्रदेश के नीमच जिले में नवागत पुलिस अधीक्षक (SP) राजेश व्यास के पदभार ग्रहण करते ही अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का 'थर्ड आई' एक्शन शुरू हो गया है। इसी कड़ी में मनासा थाना पुलिस को एक ऐसी बड़ी सफलता हाथ लगी है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने ग्राम आंतरीमाता में चल रही एक अवैध हथियार बनाने की लाइव फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मौके से भारी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार और उन्हें बनाने के उपकरण जब्त किए गए हैं। मामले में एक आरोपी को दबोच लिया गया है, जबकि मुख्य सरगना अभी फरार है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कंट्रोल रूम पर पत्रकार वार्ता में जानकारी दी।
मुखबिर की वो एक सटीक टिप... और सासरी फंटे पर बिछ गया जाल
पुलिस के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई एक बेहद गोपनीय और पुख्ता सूचना के बाद शुरू हुई। मुखबिर ने पुलिस को खबर दी थी कि ग्राम आंतरीमाता का रहने वाला दुर्गाशंकर सुगर नाम का शातिर बदमाश अपनी मोटरसाइकिल से एक देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस लेकर मनासा की तरफ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने आ रहा है।
सूचना मिलते ही मनासा पुलिस ने बुधवार रात को बिना वक्त गंवाए सासरी फंटे पर तगड़ी घेराबंदी की। जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा, पुलिस टीम ने उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया। जब उसकी तलाशी ली गई तो पुलिस भी हैरान रह गई; उसकी कमर से एक देशी पिस्टल और एक जिंदा राउंड बरामद हुआ।
अंदर की बात: जब 'थर्ड डिग्री' में टूटा आरोपी, तो उड़ गए पुलिस के होश
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी दुर्गाशंकर शुरुआत में पुलिस को गुमराह करता रहा। लेकिन जब पुलिस ने रिमांड लेकर अपने 'विशेष अंदाज' में कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गया और उसने वो राज उगला जिसे सुनकर अधिकारियों के भी कान खड़े हो गए। दुर्गाशंकर ने कुबूल किया कि वह तो सिर्फ एक जरिया है, असल में ये हथियार उसी के गांव के नानालाल सिकलीगर के घर पर बन रहे हैं। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने छिपाकर रखी गईं दो और देशी पिस्टल बरामद कीं।
घर के अंदर का नजारा देख दंग रह गई पुलिस टीम
दुर्गाशंकर का बयान दर्ज करते ही पुलिस ने बिना एक सेकंड गंवाए मुख्य आरोपी नानालाल सिकलीगर के घर पर दबिश दी। पुलिस जब घर के भीतर दाखिल हुई, तो वहां का नजारा किसी कारखाने जैसा था। घर के एक हिस्से में अवैध हथियार निर्माण का पूरा सेटअप (फैक्ट्री) संचालित किया जा रहा था। वहां दिन-रात कट्टे और पिस्टल तराशने का काम चल रहा था।
पुलिस द्वारा जब्त किया गया सामान-
हथियार: 03 अवैध देशी पिस्टल और 02 जिंदा कारतूस।
मशीनें: ग्राइंडर मशीन और वेल्डिंग मशीन (हथियार फिनिशिंग के लिए)।
कच्चा माल: 04 बंदूक की नाल।
अन्य उपकरण: मैगजीन, ट्रिगर, स्प्रिंग, हथौड़ा, प्लायर और कटर।
राजस्थान के तस्करों से जुड़े हैं तार, बड़े चेहरों पर से उठेगा नकाब
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस फैक्ट्री में बनने वाले हथियारों की सप्लाई मध्यप्रदेश के साथ-साथ पड़ोसी राज्य राजस्थान के तस्करों और गैंगस्टर्स को की जा रही थी। फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपी नानालाल सिकलीगर की सरगर्मी से तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि नानालाल की गिरफ्तारी के बाद इस अंतरराज्यीय हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई सफेदपोशों और बड़े चेहरों के नामों का खुलासा हो सकता है।