मंदसौर। नशा माफियाओं के खिलाफ मंदसौर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली कार्रवाई को अंजाम दिया है। कोतवाली पुलिस ने एक शातिर तस्कर को दबोचा है, जिसने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए तस्करी का ऐसा 'इलेक्ट्रिक' तरीका निकाला कि अधिकारी भी दंग रह गए। आरोपी पानी की मोटर के भीतर ड्रग्स छिपाकर ले जा रहा था, लेकिन मुखबिर के जाल ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
51 लाख से ज्यादा का मश्रुका बरामद
पुलिस अधीक्षक (SP) विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में चली इस सर्जिकल स्ट्राइक में पुलिस ने करीब 51 लाख 72 हजार रुपये का माल जब्त किया है। कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि एक युवक स्कूटी पर सवार होकर रेलवे स्टेशन के पास भारी मात्रा में नशीले पदार्थ की डिलीवरी देने आने वाला है।
इंजीनियरिंग फेल: मोटर खोली तो फटी रह गईं पुलिस की आँखें
पुलिस ने जब रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर इमरान पिता मीरगुल (25 वर्ष), निवासी दावतखेड़ी को रोका, तो पहली नजर में कुछ संदिग्ध नहीं मिला। आरोपी के पास एक पुरानी पानी की विद्युत मोटर थी। पुलिस ने जब तकनीकी संदेह के आधार पर मोटर को खोलकर देखा, तो उसके भीतर खाली जगह में 500 ग्राम हाई-क्वालिटी MD ड्रग्स और 500 ग्राम अफीम ठूस-ठूस कर भरी गई थी।
क्या-क्या हुआ जब्त?
500 ग्राम MD ड्रग्स: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपये।
500 ग्राम अफीम: कीमत लगभग 1 लाख रुपये।
स्कूटी व मोबाइल: कीमत 70 हजार रुपये।
कुल जब्ती: 51,72,000 रुपये।
पूछताछ में खुलेगा सफेद जहर का बड़ा नेटवर्क
गिरफ्तार आरोपी इमरान ने शुरुआती पूछताछ में मंदसौर शहर के कई सफेदपोशों और अन्य नशा सौदागरों के नामों का खुलासा किया है। पुलिस अब इस बात की तस्दीक कर रही है कि यह 'सफेद जहर' कहाँ से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन-किन ठिकानों पर होनी थी।
"आरोपी ने बेहद शातिर तरीके से मोटर के अंदर नशा छिपाया था ताकि चेकिंग के दौरान पकड़ा न जाए। फिलहाल NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को रिमांड पर लेकर पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जाएगा।" — पुष्पेंद्र सिंह राठौर, थाना प्रभारी, कोतवाली
टीम की सफलता: इस बड़ी कार्यवाही में नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह भास्कर और कोतवाली थाने की टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की इस दबिश से मंदसौर के ड्रग माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।
सिंचाई मोटर में निकली आधा किलो एमडी ड्रग्स