चाय में इलायची नहीं, मिला छिलका! श्री टी कंपनी पर खाद्य विभाग का बड़ा छापा; 1.38 लाख का माल ज़ब्त
  • Reporter : dashpur live desk
  • Updated on: September 10, 2026, 7:55 pm

नीमच। अगर आप भी सुबह की शुरुआत खुशबूदार इलायची वाली कड़क चाय से करते हैं, तो ज़रा ठहरिए! जिसे आप इलायची की महक समझकर चुस्कियां ले रहे हैं, कहीं वह महज़ कचरा और छिलका तो नहीं? मध्यप्रदेश के नीमच में खाद्य सुरक्षा विभाग ने जब एक नामी चाय कंपनी पर रेड मारी, तो वहां का नज़ारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। चाय पत्ती में असली इलायची की जगह सिर्फ इलायची के छिलके मिलाए जा रहे थे।

कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और खाद्य एवं औषधि प्रशासन भोपाल के सख्त निर्देशों के बाद एक्शन मोड में आई टीम ने विकास नगर स्थित 'श्री टी कंपनी' पर अचानक धावा बोल दिया। छापे के दौरान मौके पर इलायची चाय की धड़ल्ले से पैकिंग चल रही थी, लेकिन जब मसालों की जांच हुई तो इलायची की जगह केवल उसका छिलका मिला।

55 किलो चाय और 14 किलो छिलका ज़ब्त
कार्रवाई के दौरान मौके से भारी मात्रा में अमानक सामग्री बरामद की गई। टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए:

1.38 लाख रुपये की कीमत का मिलावटी माल मौके पर ही ज़ब्त कर लिया।

55 किलोग्राम 'श्रीफल चाय' और 'श्रीफल गोल्ड चाय' (इलायची युक्त) अधिग्रहित की गई।

14 किलोग्राम इलायची के छिलके ज़ब्त किए गए, जिनका इस्तेमाल चाय में किया जा रहा था।

4 सैंपल भोपाल लैब भेजे, थमाया नोटिस
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके से 'श्रीफल गोल्ड चाय', 'श्रीफल चाय' और इलायची छिलके समेत कुल 4 अलग-अलग सैंपल भरकर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेज दिए हैं। इसके साथ ही लाइसेंस की शर्तों की धज्जियां उड़ाने पर कंपनी को धारा 32 के तहत कारण बताओ नोटिस भी थमा दिया गया है।

मिलावटखोरों पर कसता शिकंजा
विभाग के अधिकारियों का साफ कहना है कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट आते ही अगर मिलावट की पुष्टि होती है, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिले में जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

सम्बंधित ख़बरें
दशपुर लाइव ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें
Copyright © 2022-23 . Dashpurlive All rights reserved