बैंगन-गोभी हटाते ही उड़े होश, निकले काले कट्टे; मन्दसौर पुलिस की बड़ी स्ट्राइक, 324 किलो डोडाचूरा के साथ तस्कर दबोचा!
  • Reporter : dashpur live desk
  • Updated on: May 17, 2026, 4:28 pm

मन्दसौर। नशे के सौदागरों के खिलाफ मन्दसौर पुलिस ने एक बार फिर 'थर्ड आई' का दम दिखाते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। गरोठ थाना पुलिस ने घेराबंदी कर एक सफेद रंग की महिंद्रा पिकअप से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा जब्त किया है। तस्कर ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए पिकअप में ऊपर सब्जियां भर रखी थीं, लेकिन मुखबिर के सटीक जाल ने उसकी चालाकी को बेनकाब कर दिया। पुलिस ने कुल 324 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 6 लाख 49 हजार 500 रुपयेबताई जा रही है।

मुखबिर के इनपुट पर नारिया बुजुर्ग फंटा पर बिछाया 'जाल'
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मन्दसौर एसपी विनोद कुमार मीणा के सख्त निर्देश पर जिले में अवैध नशा माफियाओं के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 17 मई को एएसपी हेमलता कुरील और एसडीओपी विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में गरोठ थाना प्रभारी बलवीरसिंह यादव की टीम काम कर रही थी।
तभी सउनि बालमुकुंद परमार को एक बेहद पुख्ता सूचना मिली कि एक शातिर तस्कर पिकअप नंबर RJ 17 GB 2340 में सब्जी के नीचे खुफिया बॉक्स (स्कीम) बनाकर अवैध डोडाचूरा लेकर मेलखेड़ा से 8-लेन की तरफ भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए नारिया बुजुर्ग फंटा बर्डिया अमरा रोड पर नाकाबंदी कर दी।

बैंगन-गोभी हटाते ही उड़े होश, निकले काले कट्टे
जैसे ही संदिग्ध पिकअप नाके पर पहुंची, पुलिस ने उसे रोक लिया। पहली नजर में गाड़ी में बैंगन, फूलगोभी, बंदगोभी, भिंडी और करेले की प्लास्टिक की थैलियां भरी हुई थीं। लेकिन जब पुलिस ने गहराई से जांच की, तो सब्जियों के नीचे बनाए गए खुफिया केबिन का पर्दाफाश हो गया। सब्जियों के नीचे छिपाकर रखे गए 16 काले रंग के प्लास्टिक के कट्टों को देखकर पुलिस की टीम भी हैरान रह गई। इन कट्टों को जब खोला गया, तो उनमें भारी मात्रा में डोडाचूरा भरा हुआ था।

हिस्ट्रीशीटर निकला तस्कर, पुलिस खंगाल रही है कुंडली- 
मौके से पुलिस ने आरोपी असरब उर्फ अशरफ (पिता इस्माइल मंसूरी, उम्र 26 वर्ष, निवासी मेलखेड़ा, थाना शामगढ़) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने नशीले पदार्थ के साथ 10 लाख रुपये की पिकअप और 20 हजार रुपये के 2 रियलमी एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, पकड़ा गया आरोपी कोई नौसिखिया नहीं, बल्कि शातिर अपराधी है। इसके खिलाफ पहले भी गरोठ और शामगढ़ थानों में एनडीपीएस एक्ट और मारपीट के गंभीर मामले दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ गरोठ थाने में अपराध क्रमांक 190/2026 के तहत धारा 8, 15 एनडीपीएस एक्ट का केस दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस की पीठ थपथपाई- 
इस सनसनीखेज नेटवर्क का भंडाफोड़ करने में गरोठ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक बलवीरसिंह यादव, सउनि बालमुकुंद परमार और उनकी जांबाज टीम का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस अब आरोपी से रिमांड के दौरान कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे के इस काले कारोबार के तार और कहां-कहां जुड़े हैं।

सम्बंधित ख़बरें
दशपुर लाइव ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें
Copyright © 2022-23 . Dashpurlive All rights reserved