मंदसौर। विगत दिनों जिले की भानपुरा पुलिस ने सिपानिया गांव में दबिश देकर नकली खाद फैक्टरी का भंडाफोड किया था और करीब 30 टन नकली खाद जब्त किया था। यहां पर नकली नमक बनाने के सबूत भी मिले है वहीं मछली तस्करी भी हो रही थी। नमक के पैकेट और आइस के डिब्बे पुलिस ने जब्त किए थे। गोदाम मालिक रंजीतसिंह फरार है, उसकी पत्नी विनोदबाई वार्ड क्रमांक 11 से जनपद सदस्य है। रंजीतसिंह पूर्व विधायक चंदरसिंह सिसौदिया का खास माना जाता है, वह लंबे समय से नकली खाद बनाने का काम कर रहा था और उसके रिश्तेदारों को शामिल कर रखा था। पुलिस ने उसके रिश्तेदार भाई हरि सिंह पिता कारण सिंह, मदन पिता कारण सिंह, विष्णुबाई पति करण सिंह सोंधिया राजपूत के खिलाफ भी षड्यंत्र कर धोखधड़ी करने और नकली खाद तैयार करने के आरोपो में प्रकरण दर्ज किया है। आज मंगलवार को बुलडोजर से गोदाम को जमींदोज कर दिया है, जहां पर बडे पैमाने पर नकली खाद बनाया जा रहा था। पुलिस इनकी प्रापर्टी की जानकारी भी जुटा रही है और इनके अवैध निर्माण को भी देखा जा रहा है, राजस्व रिकार्ड में अगर मकान भी अवैध पाए गए तो वहां पर भी बुलडोजर चलेगा।