नीमच। नीमच जिले की जावद विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 230 से भाजपा के युवा नेता पूरणमल अहीर ने बगावत करते हुए आज (सोमवार को) अपना नामांकन पत्र निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में दाखिल किया है। पूरणमल अहीर भाजपा से टिकट मांग रहे थे। लेकिन भाजपा ने प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और जावद से वर्तमान में विधायक ओमप्रकाश सकलेचा पर पार्टी ने अपना भरोसा जताया। एक समय में पूरणमल अहीर के सकलेचा के खास सिपहसालार हुआ करते थे। मगर इस बार भाजपा की ओर से उन्होंने ही बगावत का बिगुल फूंक दिया है।
पूरणमल अहीर नीमच संयुक्त तहसील कार्यालय पर नामांकन दाखिल करने के केंद्र पर पहुंचे और अपने समर्थकों के साथ उन्होंने नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर अहीर ने जावद क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की बात कही। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने का वे पहले ही मन बना चुके थे। आज भी उनके मन में भाजपा और हिंदुत्व की विचारधारा है, जो आगे भी रहेंगे। जनता जो भी निर्णय देगी वह शिरोधार्य होगा।
गौरतलब है कि पूरणमल अहीर वर्तमान में जावद जनपद पंचायत के सदस्य हैं जबकि उनकी पत्नी जिला पंचायत सदस्य हैं। जावद में ओमप्रकाश सकलेचा लगातार चार चुनाव जीते चुके हैं और पार्टी ने 5वी बार भी उन पर भरोसा जताया है। वहीं कांग्रेस में भी बगावत होती दिखाई दे रही हैं। गत रविवार को भी कांग्रेस के नाराज नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जावद में एक सम्मेलन आयोजित कर समंदर पटेल को टिकट दिए जाने पर अपनी नाराजगी व्यक्त की थी। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस के बागी यदि मैदान में अंत तक डटे रहे तो परिणामों में उलट फिर हो सकता है।