नीमच। दलौदा के फोरलेन हाईवे स्थित पैन स्टील टीएमटी सरिया फैक्ट्री के एक मजदूर की मौत के बाद परिजन कांग्रेस ने नेता दीपक सिंह गुर्जर के साथ गांधी चौराहे पर प्रदर्शन करने पहुंचे। गांधी चौराहा पर शव रखकर प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे परिजनों को समझाया।
जानकारी के अनुसार, दलौदा स्थित पैन स्टील फैक्ट्री में शाहरुख पिता इशाक (25) निवासी झावल की मंगलवार की दोपहर फैक्ट्री में काम करते वक्त क्रेन में फंसने से मौत हो गई। मृत्यक का शव जिला अस्पताल भिजवाया गया। मृतक के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंचे।
परिजनों ने फैक्ट्री संचालक के खिलाफ मामला दर्ज करने व मुआवजे की मांग की, नहीं देने पर गांधी चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। इसके बाद कांग्रेस नेता भी पहुंचे। कांग्रेस नेता दीपक सिंह गुर्जर ने बताया कि मृतक फैक्ट्री में मजदूरी करता था परिवार में उसके एक 5 साल का बेटा और पत्नी है। मंगलवार की दोपहर में फैक्ट्री के भीतर काम करते वक्त क्रेन में फंसने से उसकी मौत हो गई।
आक्रोश के बाद फैक्ट्री संचालक की तरफ से आए व्यक्ति ने 18 लाख के सहायता राशि का चेक मृतक की पत्नी राबिया को दिया। इसके बाद परिजन पोस्टमॉर्टम के बाद शव ले गए। एसडीओपी कीर्ति बघेल ने बताया की फैक्ट्री में मजदूर की मौत हुई है। मामले में दलोदा थाने में मर्ग दर्ज किया गया है, जांच की जा रही है।