नीमच। नीमच सीआरपीएफ कैंप में तैनात जवान निर्मल बगेरिया की सड़क हादसे में मौत हो गई। वे अपने बेटे की सगाई के बाद मनासा स्थित घर लौट रहे थे। घटना शुक्रवार रात करीब 11 बजे नीमच-मनासा रोड पर गिरदौड़ा और रेवली देवरी के बीच हुई। एक अज्ञात वाहन ने पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर ही निर्मल की मौत हो गई। वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही परिजन और सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंचे। जवान के शव को जिला अस्पताल ले जाया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सीआरपीएफ कैंपस से शहीद जवान को पूरे सैनिक सम्मान के साथ उनके गृहग्राम मनासा ले जाया गया। पुष्पचक्र अर्पित कर गॉड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई दी गई।
सिटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। परिजन और स्थानीय लोग दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। घर में दो बेटों की सगाई के बाद शादी की तैयारियां चल रही थीं। निर्मल न सिर्फ देश की सेवा में लगे थे, बल्कि परिवार की खुशियों के भी केंद्र थे।