नीमच। नीमच सिटी पुलिस ने ट्रॉली चोरी की घटना का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को शनिवार रात को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई ट्रॉली और ट्रैक्टर भी जब्त किया। जब्त किए गए सामान का अनुमानित कीमत 8 लाख 10 हजार रुपए आंका गया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन में की गई।
चोरी की घटना 5-6 अक्टूबर को शिव नगर, रावण रुण्डी मैदान में हुई थी। चेन सिंह नामक किसान ने थाना नीमच सिटी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दशहरे के लिए रावण की पुताई हेतु उनकी ट्रॉली रावण रुण्डी मैदान पर खड़ी थी। जो रात में गायब हो गई। सुबह 6 बजे ट्रॉली न मिलने पर चोरी का पता चला। फरियादी की ट्रॉली पर राठौर कृषि फार्म रावण रुण्डी और लोहे की पट्टियों पर "मेरा भारत देश महान" लिखा हुआ था।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना नीमच सिटी पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का विश्लेषण किया गया। साइबर सेल की मदद से गहन जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान की।