राजस्थान के चित्तौड़गढ़ के मंडफिया थाना क्षेत्र में रविवार रात दो व्यापारियों की कार पर 4 नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाश 2 बाइक पर सवार थे और लकड़ियों से कार पर वार किया। घटना के समय दोनों व्यापारी श्री सांवलिया जी के दर्शन के लिए जा रहे थे। सूझबूझ दिखाकर उन्होंने गाड़ी भगाई और सुरक्षित जगह पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। घटना पोटला से धनेत के बीच आक्या जीएसएस के बाहर की है। रात के समय जैसे ही कार स्पीड ब्रेकर पर धीमी हुई, दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने कार को घेर लिया।
भदेसर निवासी प्रदीप 42 साल पुत्र पुखराज सरुपरिया और उनके पार्टनर चंद्रप्रकाश 48 साल पुत्र संपतलाल खोडपिया के साथ यह घटना हुई। प्रदीप की ज्वेलरी की दुकान है और चंद्रप्रकाश किराने का काम करते हैं। दोनों प्रॉपर्टी से जुड़ा काम भी करते हैं। वे रात में कार से श्री सांवलिया जी मंदिर के लिए रवाना हुए थे।
तबीयत ठीक होने पर मन्नत लेकर निकले:—
प्रदीप ने बताया कि उनकी तबीयत लंबे समय से खराब चल रही थी। ठीक होने के बाद उन्होंने सांवरा सेठ के दर्शन करने का मन बनाया। इसी कारण वे अपने पार्टनर के साथ रात में दर्शन के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में यह घटना हो गई।
गाड़ी तेज कर निकल गए, बाइक से टक्कर भी लगी—
हमले के दौरान दोनों व्यापारियों ने हिम्मत दिखाई और कार की स्पीड बढ़ा दी। भागने के दौरान एक बदमाश की बाइक कार से टकरा गई, लेकिन व्यापारी बिना रुके आगे बढ़ते रहे। वे जंगल के रास्ते से आक्या गांव पहुंचे और वहां परिचित के घर रुककर अपनी जान बचाई।
पुलिस को सूचना, जांच शुरू:—
आक्या गांव पहुंचते ही व्यापारियों ने मंडफिया थानाधिकारी रविंद्र सेन को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और आसपास तलाश की, लेकिन बदमाश फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और कार को हुए नुकसान की जानकारी ली। देर रात दोनों व्यापारी भदेसर लौटे और मंडफिया थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।