नीमच शहर के अल्कोलाइड कॉलोनी में मंगलवार को एक 32 साल के युवक रोहित मेघवाल ने अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजनों ने उसे फंदे से उतारकर तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। केंट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, रोहित के पिता अल्कोलाइड फैक्ट्री में लैब टेक्नीशियन हैं। बताया जा रहा है कि रोहित की पत्नी नर्स है और वह पिछले तीन महीने से अपनी ड्यूटी पर थी और नीमच नहीं आई थी। इसी बात को लेकर रोहित काफी समय से तनाव (डिप्रेशन) में चल रहा था।
पुलिस कर रही है जांच
केंट थाना प्रभारी निलेश अवस्थी ने बताया कि फिलहाल खुदकुशी की असली वजह साफ नहीं हो पाई है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर पत्नी के घर न आने से डिप्रेशन की बात सामने आई है।
पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजन को सौंप दिया है। अब परिवार और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके।