एल्युमीनियम दुकान में चोरी का खुलासा, एक गिरफ्तार:नीमच में 750 किलो माल और बाइक बरामद, एक आरोपी फरार
  • Reporter : dashpur live desk
  • Updated on: March 22, 2026, 8:06 pm


मध्यप्रदेश के नीमच जिले के पुलिस थाना नीमच केंट ने चोरी के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किया गया माल एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक, भोपाल द्वारा चलाए जा रहे चोरी के अपराधों में धरपकड़ अभियान के तहत की गई।

पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक नीलेश अवस्थी के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी साहिल पिता शहजाद पठान (21) निवासी भगवानपुरा चौराहा, नीमच सिटी को गिरफ्तार किया।

घटना का विवरण
फरियादी मोहम्मद रफीक कुरैशी, निवासी राजीव नगर नीमच, ने 11 मार्च 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी महाराणा बंगला स्थित जारोली कॉम्पलेक्स में आर.के. ट्रेडर्स नाम से एल्यूमीनियम सेक्शन की दुकान है। 9 मार्च की शाम दुकान बंद कर घर जाने के बाद 10 मार्च की सुबह जब वे दुकान पहुंचे तो शटर का ताला टूटा मिला। अंदर से करीब 750 किलो एल्यूमीनियम सेक्शन (कीमत लगभग 5 लाख रुपये), एक हिटाची कंपनी का हैंड कटर एवं सीसीटीवी डीवीआर चोरी पाया गया।
पुलिस कार्रवाई और खुलासा:—
मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। 18 मार्च को आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने साथी नासिर उर्फ शाहरुख के साथ मिलकर चोरी करना कबूल किया। आरोपी के कब्जे से चोरी गया माल और वारदात में इस्तेमाल की गई टीवीएस स्टार मोटरसाइकिल जब्त की गई।

गिरफ्तार आरोपी को 21 मार्च 2026 को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि दूसरा आरोपी नासिर उर्फ शाहरुख अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

जप्त मश्रुका:— 
पुलिस ने 750 किलो एल्यूमीनियम सेक्शन (कीमत करीब 5 लाख रुपये) एवं एक टीवीएस मोटरसाइकिल जब्त की है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक नीलेश अवस्थी, सहायक उप निरीक्षक शिवलाल कलमी एवं थाना नीमच केंट की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सम्बंधित ख़बरें
दशपुर लाइव ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें
Copyright © 2022-23 . Dashpurlive All rights reserved