मंदसौर | मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मंदसौर की सिटी कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक स्विफ्ट कार से 2 किलो अवैध अफीम जब्त की है। मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए माल और कार की कुल कीमत 11.35 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल:—
कोतवाली पुलिस को 28 और 29 मार्च की दरमियानी रात मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि दो युवक कार से अफीम की बड़ी खेप लेकर निकलने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की और संदिग्ध स्विफ्ट कार (RJ 27 CF 4921) को रोक लिया।
दो तस्कर चढ़े हत्थे, 3 लाख की अफीम बरामद:—
पुलिस ने जब कार की तलाशी ली, तो उसमें से 2 किलो अफीम बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस अफीम की कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया:
जय (25): पिता अशोक सोलंकी, निवासी ग्राम डीगांव माली (मंदसौर)।
पंकज (23): पिता राजू मालवीय, निवासी माल्याखेर खेड़ा (मंदसौर)।
अब 'बैकवर्ड लिंक' खंगाल रही पुलिस:—
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 220/2026 के तहत धारा 8/18 NDPS एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है।
पूछताछ जारी है: पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह अफीम कहां से लाई गई थी और इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। तस्करी के इस नेटवर्क के मुख्य सरगना तक पहुँचने के लिए पुलिस आरोपियों का रिमांड मांगेगी।
जब्ती का हिसाब-किताब:
अफीम: 02 किलो (कीमत 3 लाख रुपये)
वाहन: स्विफ्ट कार (कीमत करीब 8.35 लाख रुपये)