नीमच। पुलिस अधीक्षक सूरजकुमार वर्मा के निर्देशन पर बुधवार को मादक पदार्थों की अवैध खेती के मामले में अब तक की बडी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। रामपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम पालडा में अफीम और गांजे की अवैध खेती की सूचना पुलिस को मिली थी। भारी पुलिस बल के साथ दबिश दी गई तो पुलिस अधिकारी भी हैरत में पड गए। करीब सात खेत गांजे के पाए गए, जिसमें गांजे के पौधे उगे हुए थे, वहीं तीन खेत अफीम के मिले है, जिसमें अफीम के पौधे उगे हुए थे, मौके पर कोई व्यक्ति नहीं मिला है। पुलिस ने 8200 गांजे के पौधे जब्त किए है वहीं अफीम के पौधे को जब्त करने की कार्रवाई चल रही है। करीब दस बीघा से अधिक जमीन पर गांजे और अफीम की खेती बोई गई थी। नीमच जिले में अब तक की यह बडी कार्रवाई बताई जा रही है। राजस्व रिकार्ड के अनुसार खेत मालिकों और अन्य लोगों के बारे में पता लगाया जा रहा है, यह भी पता लगाया जा रहा है कि पहले भी इस प्रकार की अवैध खेती तो नहीं की गई है। देर शाम तक पुलिस दिनभर की कार्रवाई के बारे में प्रेस नोट जारी कर सकती है।