मंदसौर। सीतामऊ थाना क्षेत्र के नया खेड़ा गांव के निकट 2 पक्षों में खूनी संघर्ष में करीब 10 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सीतामऊ स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां से 4 घायलों को मंदसौर जिला अस्पताल रैफर किया गया। जहां सभी का उपचार किया जा रहा है।
फिलहाल सभी घायलों की हालात खतरे से बाहर बताई जा रही है। सीतामऊ थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के नया खेड़ा गांव में मिट्टी निकालने की बात पर दोनों पक्षों के बीच 1 दिन पहले गुर्जर और रायका बंधुओं के बीच विवाद हुआ था। विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता भी हो गया था। लेकिन इसके दूसरे दिन आज दोपहर के वक्त रास्ते से ट्रैक्टर निकालने की बात को लेकर एक बार फिर दोनों पक्षों में खूनी संघर्ष छिड़ गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठियां और धारदार हथियार चले। घटना में दोनों पक्षों के करीब 11 से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें महिलाए भी शामिल है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर 12 से अधिक लोगों पर मारपीट का प्रकरण दर्ज किया है।