चित्तोडगढ। तस्करों की अब सीधे अफीम के खेतों पर नजर है। अफीम के पौधे से डोडे चोरी की घटनाएं सामने आ रही है। चित्तोडगढ में चित्तौड़ी खेड़ा गांव में बीती रात को चोरों ने एक खेत पर अफीम की फसल से डोडे चोरी कर लिए। इस घटना को लेकर शहर के कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी गई है। पुलिस ने अफीम की फसल से डोडे चोरी होने का मामला दर्ज कर लिया है।
चित्तौड़ी खेड़ा निवासी ईश्वर सिंह (74) पुत्र उदय सिंह तंवर का गांव में ही कृषि भूमि है, जहां 10 आरी में अफीम की खेती की जा रही है। नारकोटिक्स विभाग की ओर से उन्हें लाइसेंस दिया गया था। उनके अफीम की फसल में डोडे आ रहे थे और वह पक भी चुके थे। ईश्वर सिंह 23 फरवरी को अपने खेत पर काम करने वाले सिजारी मोहन लाल भील के साथ आखिरी बार खेत गए थे और उसके बाद वो भीलवाड़ा जिले के आगुचा चले गए। शुक्रवार सुबह 5 बजे जब मोहनलाल खेत गए तो पता चला की आधे से ज्यादा डोडे गायब थे। मोहनलाल ने तुरंत ईश्वर सिंह को फोन कर इसकी जानकारी दी। उसके बाद ईश्वर सिंह आगूचा से दोपहर को वापस चित्तौड़गढ़ पहुंचे।
कोतवाली और नारकोटिक्स विभाग को दी जानकारी
ईश्वर सिंह ने लौटकर इस चोरी की सूचना कोतवाली थाना अधिकारी को दी। मौके पर थाना कोतवाली से एएसआई अर्जुन सिंह पहुंचे और ईश्वर सिंह की रिपोर्ट पर शनिवार को मामला दर्ज कर लिया। ईश्वर सिंह का कहना था कि डोडे में आगामी कुछ दिनों में ही चीरा लगाने की प्लानिंग थी, जिसकी तैयारियां की जा रही थी। नारकोटिक्स विभाग को भी इसकी जानकारी दी गई है। चोर आधे खेत से डोडे चोरी कर ले गए। हाईवे के पास खेत होने के कारण यहां तस्करों का आना जाना बहुत होता है।