मंदसौर। गरोठ थाने के पिपलियाराजा गांव में मेघवाल व मीणा समाज से जुड़े 2 पक्षों के बीच विवाद के चलते बुधवार रात तनाव का माहौल बन गया। एक ही वक्त पर 2 बिंदौली निकलने के कारण ये हालात बने। दोनों के बीच 100 मीटर की ही दूरी थी, इसी दौरान हंगामे के बाद बात बढ़ गई। मेघवाल समाज के दूल्हे बीएसएफ जवान अर्जुन मेघवाल की बिंदौली, उसके घर में मौजूद व शादी में शामिल लोगों के साथ दूसरे पक्ष ने मारपीट व पथराव किया। घटना में मेघवाल समाज के 6 लोग घायल हुए। बीच-बचाव में उतरी पुलिस के वाहन पर भी पत्थर फेंके गए। विरोध में रात 3 बजे भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी सदस्यों ने गरोठ थाने का घेराव कर धरना दिया। पुलिस ने सुबह 5 बजे मीणा समाज के 29 लोगों को गिरफ्तार किया। गुरुवार सुबह पुलिस सुरक्षा में अर्जुन मेघवाल की बिंदौली निकाली गई। बुधवार रात अर्जुन मेघवाल (22) की बिंदौली निकल रही थी। इसी दौरान भगवानलाल मीणा के बेटे जीवन की बिंदौली भी निकल रही थी। दोनों बिंदौली नजदीक आई, इसी दौरान विवाद हाे गया।