मंदसौर। सुवासरा थाना क्षेत्र के ग्राम टोकडा निवासी एक 55 वर्षीय अधेड की हत्या का सुवासरा पुलिस ने खुलाया कर दिया है। अधेड की हत्या के पीछे कारण सामने आया है कि जिस महिला से अधेड के संबंध थे, यूं कहे कि वह लिव इन रिलेशनशीप में रह रहा था, बेटे को यह पसंद नहीं था और उसने कई बार अधेड व्यक्ति को समझाया कि उसके मां से मिलना या उसके साथ रहना बंद कर दें, वह नहीं माना तो एक अन्य साथी के साथ मिलकर अधेड को मौत के घाट उतार दिया।
गांव टोकड़ा में घर के बाहर सो रहे बनेलाल पिता परथाजी सूर्यवंशी (55) निवासी टोकड़ा की हत्या की गई है। मृतक की बहन भारत बाई सुर्यवंशी ने गांव के धन्ना उर्फ़ धनराज और जुझारलाल उर्फ़ लाला पर हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने धन्ना उर्फ़ धनराज उर्फ़ समरथ पिता ईश्वरलाल सूर्यवंशी को गिरफ्तार किया। आरोपी ने अपने साथी जुझार उर्फ़ लाला के साथ मृतक की हत्या करना कबूल कर किया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक बनेलाल के साथ उसकी मां लिव-इन में रहती थी। दोनों ने कोर्ट में विवाह अनुबंध पत्र भी बनवाया था। मृतक के साथ मां के संबंध उसे पसंद नहीं थे। इससे समाज में भी उसे शर्मिंदा होना पड़ता था। उसने मां को कई बार समझाया लेकिन वो नहीं मानी। इसके बाद उसने अपने साथी जुझार उर्फ़ लाला पिता भगवान सूर्यवंशी को साथ में लिया। दूसरे आरोपी जुझार की बहन से मृतक ने कुछ दिनों पहले झगड़ा किया था, तब से जुझार भी मृतक बनेलाल से रंजिश पाले बैठा था। दोनों आरोपियों ने मृतक बनेलाल की हत्या की साजिश रची। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात 3 बजे घर के बाहर सो रहे बनेलाल पर सरिया और कुल्हाड़ी से वार किया, इसमें बनेलाल की मौत हो गई। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। मामले में पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी धन्ना उर्फ़ धनराज को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी जुझार उर्फ़ लाला फरार है। पुलिस को उसकी तलाश है। पुलिस ने हत्या में उपयोग की गई कुल्हाड़ी और सरिया बरामद किया है।