नीमच। शहर के महावीर नगर से एक घटना सामने आई है। जिसमें स्ट्रीट डॉग्स ने 7 साल के बच्चे पर हमला किया। यह पूरी घटना इलाके में एक घर पर लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें कुत्तों को समूह में बच्चों को बुरी तरह से नोचते हुए देखा जा सकता है। जानकारी के अनुसार, जब बच्चा महावीर नगर से निकल रहा था तभी अचानक कई आवारा कुत्तों ने उन पर हमला बोल दिया। कुत्ते बच्चे को घेरकर काटने लगे, जिससे बच्चा बुरी तरह से घबरा गया और चीखने लगा। हालांकि उसी दौरान वहां से गुजर रही एक जागरूक महिला ने बच्चों की चीखें सुनीं और तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़ीं। महिला ने बहादुरी दिखाते हुए कुत्तों को भगाया और बच्चों को उनके चंगुल से छुड़ाया। महिला की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया और बच्चों की जान बच गई। इस घटना ने महावीर नगर के निवासियों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। लोगों में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को लेकर गहरी चिंता है।
7 दिनों में 23 को बनाया शिकार—
नीमच में आवारा कुत्तों की भरमार है। एक अनुमान के मुताबिक करीब पांच हजार कुत्तों की संख्या है, लगातार ये इंसानों से लेकर जानवरों को शिकार बना रहे है। जिला अस्पताल में बीते एक सप्ताह के आंकडे के अनुसार करीब 23 लोगों को काटा है।
संख्या पर रोक के लिए नसबंदी की जा रही है—
नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने कहा कि नसबंदी अभियान चल रहा है। कोर्ट का आदेश है कि कैंची और जाल से कुत्तों को पकड़ना पशु क्रूरता में आता है। इसलिए सुरक्षित तरीके से नसबंदी की जा रही है।