मध्यप्रदेश के चित्रकूट के कर्वी स्थित प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापिका द्वारा छात्राओं से मसाज कराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अभिभावकों ने सख्त कार्रवाई की मांग की है।
चित्रकूट से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। कर्वी क्षेत्र के एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में पद के दुरुपयोग और अनुशासनहीनता के आरोप में प्रधानाध्यापिका के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले का संज्ञान लिया है।
वायरल वीडियो में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मधु कुमारी स्कूल परिसर में कुर्सी पर बैठी नजर आ रही हैं, जबकि कुछ छात्राएं उनके पास खड़ी होकर कथित तौर पर मसाज करती दिखाई दे रही हैं। वीडियो में यह भी दिख रहा है कि जिस समय छात्राओं को पढ़ाई में व्यस्त होना चाहिए, उस समय वे शिक्षिका की सेवा में लगी हुई हैं, जबकि प्रधानाध्यापिका मोबाइल फोन का उपयोग करती नजर आ रही हैं। इस दृश्य ने स्कूलों में अनुशासन और शिक्षकों की जिम्मेदारी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।