बेटे को गला दबाकर फेंका, नीमच में दो साल के बच्चे के साथ मां ने ही दिया घटना को अंजाम,आईसीयू में भर्ती
  • Reporter : dashpur live desk
  • Updated on: December 25, 2022, 6:40 pm

नीमच। जिला चिकित्सालय में मां की ममता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। एक मां ने अपने ही दो वर्ष के पुत्र का गला दबा दिया। 108 एम्बुलेंस की सहायता से घायल बच्चे को जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। जिला चिकित्सालय में आशा कार्यकर्ता मंजूला माली ने बताया कि मामला लखमी गांव का है। रविवार को मां ने बच्चे का गला दबाकर और उसे उठाकर गांव स्थित मंदिर तक ले गई। यहां डेहरी पर उसे फेंक दिया। बच्चा 10 से 15 मिनट वहीं पड़ा रहा। लोगों ने सोचा बच्चा मर गया। भीड़ जमा देख मैं भी वहां पहुंची। मैंने पूछा- क्यों भीड़ लगाए हो। इस पर लोगों ने कहा- उसने बच्चे काे मार दिया। बच्चा औंधे मुंह पड़ा हुआ था। मैंने उसे उल्टाकर देखा तो उसकी सांसें चल रही थी। इसके बाद डॉयल -100 और 108 एंबुलेंस को को कॉल किया। एंबुलेंस आई तो मां ने बच्चे को ले लिया। मैंने उसे लेने की कोशिश की तो उसने नहीं दिया। इस पर उससे छीना और एंबुलेंस में रखकर ऑक्सीजन लगवाई। बच्चा तड़प रहा था। बच्चे का इलाज डॉक्टर की निगरानी में चल रहा है। उसने बताया कि बच्चे का गला दबाया था। उसके गले से खून निकल रहा था। मैंने बच्चे को लेकर गमछे में लपेटा था। बच्चे की हालत गंभीर है। पुलिस भी आई थी। उन्होंने मामले को जांच में लिया है। बच्चे के साथ ऐसा क्यों कि यह नहीं पता। इसकी बड़ी बेटी 6-7 साल की है। वह पूरा घटनाक्रम बता रही है। उसने बताया कि मां ने चाकू दिखाकर डराया था। मंजूला का कहना है कि महिला पति और चार बच्चों के साथ रहती है। उसने लव मैरिज की है।

बघाना पुलिस सूचना मिलते ही जिला चिकित्सालय पहुंची। जहां पर उन्होंने पीड़ित बच्चे के पिता से बातचीत की। उसके साथ ही मां से भी पूरे मामले को लेकर पुलिस ने पूछताछ की है। फिलहाल जीरन पुलिस पूरे मामले में जांच पड़ताल कर रही है।

इस मामले में बघाना थाना प्रभारी अजय सारवान ने बताया कि महिला मानसिक विक्षिप्त है। बच्चे को गर्दन से पकड़कर घर से गांव में स्थित मंदिर लेकर आई थी, जिस वजह से बच्चा बेहोश हो गया था। बच्चे को जिला अस्पताल लेकर आए हैं। बच्चे को ICU में रखा गया है। बच्चे की हालात में सुधार है। महिला के अन्य बच्चों को चाइल्ड लाइन के सुपुर्द किया है। महिला के परिवार वालों से चर्चा की जा रही है।

सम्बंधित ख़बरें
दशपुर लाइव ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें
Copyright © 2022-23 . Dashpurlive All rights reserved